आत्मा योजना अंतर्गत सर्वाेत्तम कृषक/कृषक समूह पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित
अनूपपुर 11 अगस्त 2025/ सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा योजना अन्तर्गत जिले में वर्ष 2024-25 में कृषकों द्वारा कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी, रेशमपालन, कृषि अभियांत्रिकीय क्षेत्र में अपनाई गई उन्नत तकनीकी, पत्राचार तकनीकी का विस्तार फसल उपज एवं उत्पादकता मूल्यांकन के आधार पर तकनीकों का उपयोग करते हुए सर्वाेच्च उत्पादकता हासिल करने वाले कृषक एवं कृषक समूह को जिला स्तर व ब्लॉक स्तर पर सर्वाेत्तम कृषक/कृषक समूह पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उक्ताशय की जानकारी देते हुए परियोजना संचालक आत्मा परियोजना अनूपपुर द्वारा बताया गया कि जिले में वर्ष 2024-25 में वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग करते हुये उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, रेशम पालन, कृषि अभियांत्रिकीय व कृषि (प्राकृतिक कृषि) में उत्कृष्ट कार्य हेतु कृषकों/कृषक समूहों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस हेतु जिले के समस्त उत्साही व प्रगतिशील कृषक अपने क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत विकासखण्ड तकनीकी प्रबंधक (बी.टी.एम.), सहायक तकनीकी प्रबंधक (ए.टी.एम.), कृषि विस्तार अधिकारी या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आवेदन प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र में 15 अगस्त 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा।
किसान अधिक जानकारी हेतु विकासखण्ड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ एवं जिला स्तर पर कार्यालय परियोजना संचालक आत्मा परियोजना जिला अनूपपुर में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।


















