साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील,भालूमाड़ा पुलिस ने जमुना कालरी में दिया जागरूकता संदेश
अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना पुलिस द्वारा जमुना कालरी स्थित दुर्गा पंडाल में आयोजित दंगल प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को ऑपरेशन मुस्कान और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मोती-उर-रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ सिंह मरकाम तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया
थाना प्रभारी उप निरीक्षक विपुल शुक्ला ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, बैंक लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड और सोशल मीडिया संदेशों के माध्यम से लोगों को ठगते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई निजी जानकारी साझा करें। इसके साथ ही ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत लापता बच्चों की तलाश और पुनर्वास की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई
जागरूकता कार्यक्रम में उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, सहायक उप निरीक्षक कमल किशोर चंद्रौल और प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह की भूमिका उल्लेखनीय रही। पुलिस टीम ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की


















