हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कोयलांचल, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
शिव लहरा धाम में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ, भजन-कीर्तन और भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
भालूमाडा/जमुना कॉलोनी देवों के देव महादेव की आराधना का महापर्व महाशिवरात्रि पूरे कोयलांचल क्षेत्र में अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया क्षेत्र के सभी शिवालयों में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और भक्तों ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया भालूमाडा के केवई नदी तट स्थित पवित्र शिव लहरा धाम में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ, जहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। वहीं जमुना कॉलोनी स्थित राम जानकी मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त शिव भक्ति में लीन होकर रातभर भगवान शंकर की महिमा का गुणगान करते रहे शिव मंदिर कोऑपरेटिव से भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें शिवभक्तों ने नृत्य करते हुए भगवान भोलेनाथ की बारात का स्वागत किया। वार्ड क्रमांक 3 सहित पूरे क्षेत्र में दिनभर शिव आराधना और धार्मिक कार्यक्रमों का वातावरण बना रहा
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर भालूमाडा के गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो श्रद्धा और सेवा का अद्भुत उदाहरण बना इस आयोजन में प्रमुख रूप से कांग्रेस नेता अरविंद मिश्रा उर्फ महाकाल भक्त, रुना सिंह, सोनू सिंह, इंद्रपाल पांडे, रवि करण केवट, विक्की सिंह, शिव साहू सहित अन्य शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर भंडारे में अपनी सेवा अर्पित की हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया उल्लेखनीय है कि गोल बाजार हनुमान मंदिर में पिछले 115 मंगलवार से लगातार हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और सेवा की अनवरत धारा प्रवाहित हो रही है
महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व एक बार फिर श्रद्धालुओं के हृदय में यह संदेश दे गया कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर उनके जीवन को सुख, शांति और समृद्धि से भर देते हैं शिव की कृपा से ही सृष्टि का संचालन होता है और उनकी आराधना से समस्त कष्टों का नाश होता है। पूरे कोयलांचल क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम उदाहरण बनकर सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया हर-हर महादेव!









