रैगिंग के खिलाफ छात्रों की सशक्त आवाज: IGNTU में नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
एंटी रैगिंग समिति के निर्देशन में 50 विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति, सम्मान और सुरक्षा का दिया संदेश
अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) में रैगिंग के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एंटी रैगिंग समिति के दिशा-निर्देश एवं प्रभारी कुलपति आचार्य व्योमकेश त्रिपाठी के निर्देशन में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन समाज कार्य विभाग द्वारा उद्गम मंच के तत्वावधान में किया गया, जिसमें हिंदी विभाग एवं मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई
नुक्कड़ नाटक का मंचन विश्वविद्यालय परिसर के प्रमुख स्थलों स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं आंबेडकर पार्क में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से यह संदेश दिया कि रैगिंग केवल मज़ाक नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जो नए विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है
प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने यह स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय परिसर में प्रत्येक छात्र को सम्मान, सुरक्षा और समानता का अधिकार है तथा रैगिंग जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रैगिंग मुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना रहा
इस अवसर पर लगभग 50 विद्यार्थियों ने अभिनय कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एंटी रैगिंग समिति की ओर से डॉ. शिवाजी चौधरी, डॉ. अमित सोनी, डॉ. स्नेहा सिंह मुंडा, सुश्री ज्योति सिंह राजपूत, छात्र प्रतिनिधि कुमारी पलक टानडिया एवं श्री जितेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं समाज कार्य विभाग से डॉ. कृष्णामोनी भगवती ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया
कार्यक्रम ने यह सिद्ध किया कि जब विभिन्न विषयों के विद्यार्थी सामाजिक मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं विश्वविद्यालय की यह पहल छात्र कल्याण, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुई









