कलेक्टर के निर्देश पर माफियाओं पर कार्रवाई, उत्खनन बंद; 15 दिन में पूरी तरह रोकने की चेतावनी
शहडोल। केशवाही क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन बंद करवा दिया। यह कार्रवाई 13 फरवरी 2026 को जिला कलेक्टर के निर्देश पर की गई।
शहडोल संभाग प्रमुख पवन पटेल के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष शिव चक्रवर्ती और शिवसैनिकों ने केशवाही के कटना नदी स्थित मरखी माता क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन के विरोध में पहले पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा था। कार्रवाई नहीं होने पर 2 फरवरी 2026 को केशवाही पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना के बाद प्रशासन हरकत में आया और कोयला माफियाओं पर कार्रवाई कर अवैध उत्खनन को बंद कराया गया।
संभाग प्रमुख पवन पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि जिले और संभाग में अवैध कोयला उत्खनन 15 दिनों के भीतर पूरी तरह बंद नहीं हुआ, तो शिवसेना खनिज कार्यालय के बाहर उग्र आंदोलन करेगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत महसूस की है और प्रशासन की पहल का स्वागत किया है।









