डूमर कछार निकाय की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न
24 बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा, अब हर शनिवार होगी जनसुनवाई भी
अनूपपुर/राजनगर कालरी। डूमर कछार निकाय में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन शनिवार को परिषद सभागार में किया गया। बैठक में 24 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई
बैठक की अध्यक्षता डॉ. सुनील कुमार चौरसिया, अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति सदस्य ने की। इस अवसर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में पार्षद बिजेंद्र देवांगन, सरिता यादव, रवि सिंह, जीतेन्द्र चौहान, पार्वती सिंह गोड़, राकेश दीवान एवं पार्षद प्रतिनिधि योगेश पालीवाल सहित निकाय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे
नवाचार के साथ जनहित की दिशा में आगे बढ़ रहा निकाय
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. चौरसिया ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए निकाय लगातार नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में आगामी शनिवार से साप्ताहिक समीक्षा बैठक के साथ जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नागरिक जनसुनवाई के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे निकाय और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों का उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें
यह पहल निकाय द्वारा जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है










