अनूपपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का युवती सम्मेलन, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर हुआ मंथन

---Advertisement---

अनूपपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का युवती सम्मेलन, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर हुआ मंथन

अनूपपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला अनूपपुर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अनूपपुर नगर में युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, साइबर अपराध, महिला विमर्श, मिशन साहसी तथा पंच परिवर्तन जैसे समसामयिक विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने विभिन्न वीरांगनाओं के स्वरूपों के साथ शोभायात्रा भी निकाली।

सम्मेलन में महिला समन्वय की प्रांत संयोजिका मेघा पवार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, आरआई ज्योति दुबे, सागर विभाग छात्रा प्रमुख सौम्या तिवारी तथा जिला छात्रा प्रमुख नैना कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

पंच परिवर्तन और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेघा पवार ने बदलते सामाजिक परिवेश में पंच परिवर्तन के विषयों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, स्वबोध, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर छात्राओं का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक समरसता तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता आज की आवश्यकता है।

राष्ट्र निर्माण में छात्राओं की भूमिका

सागर विभाग छात्रा प्रमुख सौम्या तिवारी ने विद्यार्थी परिषद में छात्राओं की भूमिका पर विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना पर जोर देती है। उन्होंने मिशन साहसी एवं ऋतुमति अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और जागरूकता विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में छात्राओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और विद्यार्थी परिषद में छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलता है।

साइबर अपराध से बचाव को लेकर किया जागरूक

आरआई ज्योति दुबे ने छात्राओं को साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया से जुड़े ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फोन कॉल, डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसे में अनजान कॉल, लिंक, संदेश तथा ऑनलाइन लेनदेन को लेकर सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की।

समापन पर निकली शोभायात्रा

युवती सम्मेलन के समापन अवसर पर विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में विभिन्न वीरांगनाओं के स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया गया।

सम्मेलन को सफल बनाने में अंजली पांडेय, सिमरन विश्वकर्मा, निशि यादव, अंजली, गायत्री, महिमा, पलक, अंजना, ईशा भारती, निम्मी, सिम्मी, शिफा, प्रांजलि, दिशा, प्रीति, संजना, कशिश एवं अन्या सहित अनेक छात्रा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का आभार जिला छात्रा प्रमुख नैना कुशवाहा ने व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन सिमरन सेन ने किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment