[post-views]

अनूपपुर कोतवाली में शांति समिति की बैठक होलिका दहन से ईद तक सभी पर्व सौहार्दपूर्ण मनाने का सर्वसम्मत निर्णय

---Advertisement---

अनूपपुर कोतवाली में शांति समिति की बैठक
होलिका दहन से ईद तक सभी पर्व सौहार्दपूर्ण मनाने का सर्वसम्मत निर्णय

अनूपपुर। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से मनाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना कोतवाली अनूपपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए आपसी समन्वय एवं सहयोग से पर्व मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में आगामी होलिका दहन, धुरेडी, रंगपंचमी, चेट्री चंड उत्सव (श्री झूलेलाल जयंती), गुड़ी पड़वा, ईद उल फितर, श्री रामनवमी एवं श्री हनुमान जन्मोत्सव को शांतिपूर्वक मनाए जाने पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। प्रशासन की ओर से त्यौहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने एवं अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

बैठक में एसडीएम अनूपपुर, टीआई कोतवाली, यातायात थाना प्रभारी, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सदर जामा मस्जिद के पदाधिकारी, कार्यक्रम आयोजक, डी.जे. एवं साउंड सिस्टम संचालक, मीडिया प्रतिनिधि, नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य तथा कोटवार सहित लगभग 100 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नागरिकों ने पर्व स्थलों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों पर नीचे लटके विद्युत तारों को ऊंचा कराने, जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की मांग रखी। होली के दौरान शराब के नशे में हुड़दंग कर आमजन को परेशान करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का सुझाव भी दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी, गश्त एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग की भावना के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

बैठक का समापन आपसी विश्वास, समन्वय और सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment