अनूपपुर।
करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी सरई पुलिस ने अंधी हत्या के एक जघन्य मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी करनपठार बीरेन्द्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार देवरी टोला बीहर बाबा मंदिर के ऊपर जैतहरी के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान झूरू उर्फ धन सिंह के रूप में हुई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दरयाब, दउआ उर्फ अजय सिंह और ऊडानी उर्फ भान सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि शिकार और शराब पीने की बात को लेकर विवाद होने पर भरमार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी और शव जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक, लोहे का रॉड और अन्य सामग्री बरामद कर ली है। इस कार्रवाई में फूल सिंह श्याम, राम प्रसाद मरावी, कमल सिंह मसराम, साहब लाल सौर, अनुराग, नीरज गुप्ता, पंकज मिश्रा तथा विनोद कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
