अमरकंटक में शारदीय नवरात्रि महोत्सव की भव्य तैयारियां , प्रथम दिवस निकलेगी विशाल शोभायात्रा
कल्याण सेवा आश्रम में नौ दिनों तक मां भगवती की विशेष आराधना , दशहरा पर होगा विशाल भंडारा
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में शारदीय नवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । श्री कल्याण सेवा आश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नौ दिनों तक मां भगवती की विशेष पूजा-अर्चना , श्रृंगार , आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा ।
कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिवस मां दुर्गा की भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी , जिसमें विभिन्न राज्यों से आए वाद्य यंत्र कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे । भक्ति संगीत , जयघोष और धार्मिक उत्साह के बीच पूरी अमरकंटक नगरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगी ।
नवरात्रि के दौरान वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान आचार्य धार्मिक अनुष्ठानों का मार्गदर्शन करेंगे । नौ दिनों तक मां भगवती का विशेष श्रृंगार एवं महाआरती होगी । महोत्सव के समापन पर दशहरा के अवसर पर विशाल नगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा , जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे । आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां जगदंबा की आराधना में सहभागी बनने की अपील की है । मां भगवती अपनी कृपा सभी पर बनाए रखें ।







































































