अमलाई में गूंजा नशामुक्ति का संदेश: असम के पल्लव देव ने 6 हजार किमी पदयात्रा पूरी कर युवाओं को किया प्रेरित
अनूपपुर। देश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ असम से पैदल भारत यात्रा पर निकले 25 वर्षीय स्नातक पल्लव देव सोमवार को नगर परिषद बरगवां अमलाई पहुंचे। 5 मई 2025 को असम के श्रीभूमि जिले के रानीबाड़ी गांव से शुरू हुई उनकी पदयात्रा 303वें दिन लगभग 6,020 किलोमीटर की दूरी तय कर अमलाई पहुंची। यहां पार्षद पवन चीनी, उनकी मित्र मंडली एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया
कंधे पर भारी बैग और हाथों में तिरंगा थामे पल्लव देव युवाओं को नशे की लत से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का सपना था, जो पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने समाज के भीतर रहकर नशे के खिलाफ जनजागरण की राह चुनी। उनका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर “नशामुक्त समाज, सशक्त भारत” का निर्माण करना है
उनकी यात्रा असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश पहुंची है। अमलाई में उन्होंने युवाओं से संवाद कर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। स्थानीय युवाओं में उनके जज्बे को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पल्लव की यह पदयात्रा अब जन-आंदोलन का रूप लेती जा रही है, जहां लोग उनके साथ जुड़कर नशामुक्त भारत के सपने को साकार करने का संकल्प ले रहे हैं। आगे उनका पड़ाव धनपुरी और बुढार में रहेगा
