ग्राम सकोला के तालाब निर्माण में अनियमितताओं के आरोप, जांच कार्यवाही धीमी
जमुना कोतमा ग्राम पंचायत सकोला में वित्तीय वर्ष 2023-24 के तहत मनरेगा एवं पंचायत निधि से लगभग ₹6,25,000 की राशि में तालाब निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था ग्रामीण लाला यादव निवासी सकोला द्वारा इस कार्य में अनियमितताओं संबंधी शिकायत जनपद पंचायत स्तर पर की गई थी, जिसके बाद जांच दल का गठन कर नोटिस जारी किया गया।
शिकायतकर्ता लाला यादव का कहना है कि नोटिस जारी हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो स्थल निरीक्षण किया गया और न ही खर्च व मस्टर रोल की वास्तविकता की जाँच की गई, जिससे जांच प्रक्रिया की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब निर्माण में मशीन से खुदाई होने के बावजूद मस्टर रोल में मजदूरों का भुगतान दर्शाया गया। साथ ही तालाब की गहराई, चौड़ाई और मिट्टी निकासी स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं है। इस संबंध में पंचायत सचिव और रोजगार सहायक की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए,स्वीकृत राशि एवं किए गए भुगतान का ऑडिट कराया जाए, यदि अनियमितताएं प्रमाणित हों तो जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तरीय विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक हैं


















