जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा कर जिपं सीईओ ने दिए निर्देश
संविदाकार शेष कार्यों की पूर्णता 31 दिसंबर तक करें
अनूपपुर 10 दिसंबर 2025/ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमति अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अनूपपुर द्वारा अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत एकल ग्राम 432 में से 354 योजनाओं का कार्य अनुबंधानुसार पूर्ण कर दिया गया है एवं 61 योजनाओं का कार्य प्रगतिरत है।
जल जीवन मिशन अंतर्गत घरेलू नल कनेक्शन की प्रगति 86 प्रतिशत प्राप्त कर ली गई है बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा शेष बचे 11993 परिवारों को पूर्ण रूप से आच्छादित करने हेतु 31 दिसम्बर 2025 तक की समय सीमा निश्चित की गई है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा प्रगतिरत एवं पुनरीक्षित नलजल योजनाओं के प्रगति के संबंध में संविदाकारवार समीक्षा की गई।
कार्य की धीमी प्रगति वाले संविदाकारों को 31 दिसम्बर 2025 तक कार्य पूर्ण करने हेतु नोटिस जारी करने व जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से एवं समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु आपसी एवं विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए क्रियान्वयन करने हेतु निर्देश दिये गये। समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, समस्त सहायक यंत्री, समस्त उपयंत्री एवं संविदाकार उपस्थित रहे।


















