मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्यवाही, ग्राम कठौतिया में चला जनजागरूकता अभियान
एमसीबी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में यातायात अनुशासन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवम्बर 2025 को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कठौतिया में व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी मनेंद्रगढ़ निरीक्षक दीपेश सैनी ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज रफ्तार से होने वाले नुकसान और ओवरलोडिंग की जोखिमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा का पालन स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।
जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ वाहन चेकिंग भी की गई। जांच के दौरान एक बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा पाया गया जो नियमों का उल्लंघन है। पुलिस टीम ने वाहन चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5000 रुपये का चालान किया और मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर सामान्य साइलेंसर लगवाया।
थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कड़ी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस विभाग ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जागरूकता और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

















