एमसीबी/जनकपुर। थाना जनकपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण से जुड़े प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़िता की मां ने 22 जनवरी 2026 को थाना जनकपुर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 20 जनवरी 2026 को अपनी छोटी बहन के साथ जनकपुर मेला देखने गई थी। मेला से छोटी बहन तो घर लौट आई लेकिन बड़ी बहन वापस नहीं आई। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों में तलाश किये जाने के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चला जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रकरण की जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जनकपुर ओमप्रकाश दुबे ने बताया की विवेचना के दौरान पीड़िता की मां द्वारा प्रस्तुत स्कूल प्रमाण पत्र की जब्ती की गई जिससे बालिका के नाबालिग होना प्रमाणित हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर पतासाजी की गई।
पतासाजी के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पेट्रोल पंप रोड जनकपुर से पीड़िता और संदेही आरोपी को सुरक्षित बरामद किया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का कथन दर्ज किया गया जिसके आधार पर प्रकरण में संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी सुमेर बैगा उर्फ संत लाल पिता सुमिरन उर्फ बबलू उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम नौड़िया थाना जनकपुर को गिरफ्तार कर विधिवत पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे, सउनि दिनेश चौहान, प्रधान आरक्षक संजय पांडे, आरक्षक संदीप, महिला आरक्षक राजकुमारी (डीएसएफ) और आरक्षक सूर्यपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








