अनूपपुर। आम आदमी पार्टी की जिला अनूपपुर की नई कार्यकारिणी घोषित होते ही पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकारिणी में बड़ी संख्या में युवाओं को स्थान मिलने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को जिले में और अधिक मजबूती मिलेगी।
घोषित कार्यकारिणी में इन्द्रपाल यादव को सह मीडिया प्रभारी, अनिल यादव को जिला उपाध्यक्ष तथा इसरार मंसूरी को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी पदाधिकारियों को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई टीम के साथ आम आदमी पार्टी जिले में आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी। उनका कहना है कि आने वाले समय में पूरे जिले में आम आदमी की आवाज़ को प्रमुखता मिलेगी और अन्याय तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया जाएगा।
इस दौरान संगठन मंत्री इसरार मंसूरी ने कहा कि वर्तमान समय में जिले में चारों तरफ माफिया राज हावी है और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की तीनों विधानसभाओं के ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।






