ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
अमझेरा में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब आदिम जाति सहकारी संस्था के सामने स्थित करीब 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर एक युवक चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक का नाम विनोद ढोली (30) बताया गया है, जो स्थानीय स्तर पर टेंट हाउस का काम करता है।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने टेंट हाउस के स्पीकर और अन्य सामान को लेकर चल रहे विवाद के चलते नाराज़ था। टंकी पर चढ़ने के बाद उसने अपने परिचितों और परिवार वालों को फोन लगाकर मौके पर बुलाया। थोड़े ही समय में बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई और सड़क पर लोगों का जमावड़ा बढ़ गया।
विनोद टंकी के ऊपरी हिस्से में खड़े होकर लगातार चिल्लाता रहा। इस दौरान उसने पहले अपना मोबाइल फोन नीचे फेंका, फिर शर्ट उतारकर नीचे गिराई और जेब में रखे पैसे भी हवा में उड़ाते हुए नीचे फेंक दिए।
स्थिति को तनावपूर्ण होता देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों के साथ-साथ परिजन और स्थानीय लोग लगातार युवक को शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।
पुलिस ने विवाद से जुड़े टेंट हाउस संचालक को भी मौके पर बुलाया। जैसे ही युवक ने अपनी बात रखी, पुलिस ने स्पीकर और मशीनरी को मौके पर मंगवाने की व्यवस्था की। युवक कई बार टंकी के किनारों तक जाकर नीचे की ओर झुकने लगा, जिससे मौजूद परिजनों की सांसें अटकी रहीं और वे लगातार उसे शांत रहने की गुहार लगाते रहे।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां आपसी बातचीत कर समझाइश दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस का धैर्यपूर्ण व्यवहार और तत्काल नियंत्रण स्थिति को बिगड़ने से बचाने में अहम साबित हुआ।


















