यातायात सुरक्षा की ओर एक सराहनीय कदम
चिरमिरी पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान
एमसीबी। सड़क सुरक्षा को लेकर आमजनों में जागरूकता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर चिरमिरी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान ना केवल नियमों के पालन पर केंद्रित रहा बल्कि लोगों को संवेदनशील बनाने का संदेश भी देता नजर आया।
नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में 17 और 18 नवम्बर को छोटी बाजार और गोदरीपारा मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान एक नाबालिग बालक को वाहन चलाते पकड़ा गया जिसके बाद परिजनों को बुलाकर मामला मोटरयान अधिनियम की धारा 4/181, 5/181 एवं 199(A) के तहत न्यायालय में पेश किया गया जहाँ माननीय न्यायालय ने 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया। यह संदेश देते हुए कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं।
एक अन्य प्रकरण में शराब के नशे में वाहन चलाते पाये गये चालक के विरुद्ध धारा 185 के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने चालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। अभियान की सबसे खास बात रही की पीछे बैठे बच्चों को हेलमेट पहनाकर जागरूक करने की पहल।
थाना प्रभारी द्वारा मौके पर ही बच्चों को हेलमेट पहनाया गया और अभिभावकों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा केवल चालक की नहीं पीछे बैठे हर व्यक्ति की भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। चिरमिरी पुलिस का यह हटकर अभियान ना केवल नियमों का पालन करवाता है बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी साबित हो रहा है।

















