एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का प्रत्येक बजट युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रित होता है। युवाशक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसी शक्ति के माध्यम से विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है। वे मनेन्द्रगढ़ के विमल श्री परिसर में आयोजित युवा संवाद बजट 2026 के अंतर्गत संभाग स्तरीय बजट युवा संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा किया गया जिसमें जिले और संभाग भर से बड़ी संख्या में युवा, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन स्थल पर उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, रोजगार के अवसरों के सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ श्रीमती प्रतिमा यादव, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नगर पंचायत नई लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा और नगर पंचायत झगराखाण्ड अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कोमल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संवाद सत्र के दौरान युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार के बजट 2026 की प्रमुख घोषणाओं, योजनाओं और विकासात्मक दृष्टिकोण से अवगत कराया गया। रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन, स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, डिजिटल सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। खुले मंच पर युवाओं ने अपने प्रश्न रखे जिनका अतिथियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। संवादात्मक शैली में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को नीति निर्माण और बजट प्रक्रिया को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का ठोस रोडमैप है। उन्होंने सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिये संगठन स्तर पर व्यापक अभियान चलाने की बात कही।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।









