निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मियों ने किया श्रमदान
स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आज भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा मानसरोवर तालाब परिसर, कोयला नगर में व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में कोयला भवन मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वैच्छिक रूप से श्रमदान किया और तालाब परिसर क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता के साथ स्वच्छता गतिविधियों को संपन्न किया और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संबोधन में निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता एक उच्च मानवीय गुण है और इसे केवल अभियान तक सीमित न रखकर अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत श्रमदान के माध्यम से अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रेरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने इस अवसर पर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं समुचित रखरखाव के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी छठ पर्व को देखते हुए श्री कुमार ने तालाब परिसर में स्वच्छता की निरंतरता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना एक सामूहिक दायित्व है, जिसके लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (असैनिक) श्री संजय अग्रवाल, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, वरीय प्रबंधक (असैनिक) श्री हिमांशु नांगल, नोडल अधिकारी सुश्री पिंकी कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इस वर्ष अभियान का संदेश ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ (Collective Action for Visible Impact) है। इसी उद्देश्य के अनुरूप बीसीसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों एवं वाशरी डिवीजन में स्वच्छता, पौधारोपण एवं जागरूकता संबंधी विविध गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी विविध गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को होगा।







































































