सकरा गांव में कुएं में गिरने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत—तीसरे दिन पानी में उतराता मिला शव
रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत सकरा गांव में एक 65 वर्षीय वृद्ध की जगतविहीन कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई। मृतक का शव तीन दिन बाद मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर जांच शुरू की है
मिली जानकारी के अनुसार छीरापटपर के सांधा गांव निवासी गंगू सिंह पिता स्व. अकालू सिंह (65 वर्ष) 7 दिसंबर की रात सकरा के डोंगरीटोला में एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। रात में अंधेरा होने पर वे स्व. सूरज सिंह के आंगन से गुजरते समय संभावना है कि वहां बने बिना जगत वाले कुएं में अचानक गिर गए, जिसके कारण उनकी डूबकर मौत हो गई
मंगलवार सुबह सूरज सिंह की पत्नी संपतिया सिंह पानी निकालते समय कुएं में मृतक का शव उतराता देख दंग रह गई। सूचना ग्राम सरपंच संतोष सिंह और परिजनों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई
सहायक उप निरीक्षक कमलेश तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा। पुलिस परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है


















