बीच रास्ते में ही ऑक्सीजन खत्म होने से 3 साल की मासूम बच्ची की मौत
राजगढ़। मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। राजगढ़ जिले से शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां लापरवाही के चलते एक 3 साल की मासूम बच्ची को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। एम्बुलेंस वाहन में बीच रास्ते में आक्सीजन सिलेंडर खत्म हो गया, जिससे तीन साल की मासूम हर्षिता की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बच्ची को गुना जिला अस्पताल से भोपाल के लिए रेफर किया गया था। परिजन एम्बुलेंस से मासूम को लेकर जा रहे थे, तभी राजगढ़ के ब्यावरा के 5 किलोमीटर पहले ऑक्सीजन खत्म हो गया, इसके बाद तुरंत दूसरा सिलिंडर लगाया गया, लेकिन उसमे भी ऑक्सीजन खत्म हो गई थी।
इसके चलते बच्ची की मौत हो गई। मृतक हर्षिता कुशवाह ग्राम पटना थाना धरनावदा जिला गुना की निवासी थी। हर्षिता को जिला चिकित्सालय गुना में भर्ती किया था, जहां हालत गंभीर होने पर आज सुबह सुबह भोपाल रेफर किया गया था।