सडक दुर्घटना में घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर चिकित्सालय पहुंचाने पर 2 राहवीरों को मिला 25-25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि
अनूपपुर 4 अगस्त 2025/ सडक दुर्घटनाओं में घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा शुरू की गई राहवीर योजना में अनूपपुर जिले से दो युवकों को इस नेक कार्य के लिए सम्मानित किया गया है, जिसके तहत उन्हें 25-25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदाय की गई है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा सडक दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने के लिए यह अभिनव योजना शुरू की गई है, जिसमें दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्तियों को राहवीर योजना के तहत न केवल सम्मानित किया जाता है,
बल्कि उन्हें 25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि भी दी जाती है। उक्त योजना के तहत अनूपपुर जिले के श्री कमला प्रसाद राठौर एवं श्री महेन्द्र कुमार पनिका को 25-25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदाय की गई है।
उल्लेखनीय है कि 27 मई 2025 को प्रात: 9.30 बजे एसएच- 9ए रीवा अमरकंटक रोड में ग्राम लांघाटोला ढोलबज्जा नाला के पास सडक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को श्री कमला प्रसाद राठौर द्वारा गोल्डन ऑवर के भीतर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ में भर्ती कराया गया था।
इसी तरह 31 मई 2025 को रात 1 बजे एनएच 43 कदमटोला के पास सडक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को श्री महेन्द्र कुमार पनिका द्वारा गोल्डन ऑवर के भीतर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फुनगा में भर्ती कराया गया था।


















