लिंग आधारित हिंसा समाप्ति के लिये 16 दिवसीय अभियान
गुड टच–बैड टच और महिला अधिकारों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एमसीबी। जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य कुमार शर्मा तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आर.के. खाती के मार्गदर्शन में नागपुर पंचायत भवन में लिंग आधारित हिंसा समाप्ति के लिये 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत व्यापक जन शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में टीम ने बच्चों और महिलाओं को गुड टच–बैड टच, मानव अधिकार, माहवारी प्रबंधन, शी-बॉक्स पोर्टल और लिंग आधारित हिंसा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वस्थ संवाद और सतर्कता की आवश्यकता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं के कानूनी अधिकार, सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाएँ, घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
साथ ही उपस्थित जनसमूह को आपातकालीन सहायता के लिये उपलब्ध टोल फ्री नंबर 1098 (चाइल्डलाइन) 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) की जानकारी प्रदान की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में सुरक्षा, समानता और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना तथा महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी जिलेभर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता को जनआंदोलन का रूप दिया जायेगा।


















